शिक्षा मंत्री ने चीवा कैंची-देवरा सड़क का किया लोकार्पण: रियासती दौर से लंबित थी मांग; बोले- क्षेत्र में चल रहे 850 करोड़ के विकास कार्य

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र जुब्बल में 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित ‘चीवा कैंची से देवरा’ सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में यह 209वीं सड़क है जिसका निर्माण और सफलतापूर्वक पासिंग की गई है, तथा आगामी समय में इस मार्ग को मुख्य बाजार जुब्बल से भी जोड़ा जाएगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्हें इस सड़क के निर्माण पर विशेष प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बताया कि देवरा जुब्बल का एक प्रमुख गांव है और रियासती समय से इस सड़क का कार्य लंबित पड़ा हुआ था।

 

ठाकुर रामलाल के समय हुआ था सर्वेक्षण

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस सड़क का सर्वेक्षण पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के समय हुआ था, लेकिन इसके निर्माण में काफी समय लग गया और आज देवरा निवासियों का यह पुराना स्वप्न पूरा हुआ है। इस सड़क के बनने से देवरा के साथ-साथ क्यारी, नेहनार और गुंतू के निवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा तथा विशेष रूप से सेब की बागवानी की दृष्टि से यह सड़क एक वरदान सिद्ध होगी।

 

850 करोड़ के विकास कार्य जारी

रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई वर्तमान समय में पूरे हिमाचल में विकास का पर्याय बन चुका है, जहां 850 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और भवन निर्माण के विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं और अगले वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। पिछले लगभग चार वर्षों के दौरान अनेक विकासात्मक परियोजनाओं को जनता को समर्पित भी किया जा चुका है।

 

एनएच-705 और एनएच-707 की मरम्मत के लिए 75 करोड़ रुपये स्वीकृत

उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग-705 (ठियोग-हाटकोटी मार्ग) और राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (हाटकोटी-पांवटा मार्ग) की मरम्मत हेतु 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और शीघ्र ही इन दोनों राजमार्गों को और अधिक बेहतर बनाया जाएगा। सड़क निर्माण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सड़कें हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में भाग्य रेखाएं और विकास का पर्याय हैं।

 

परमार, ठाकुर रामलाल व वीरभद्र सिंह को किया याद

शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार, पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि इन महान नेताओं ने सड़कों के निर्माण पर विशेष बल दिया था और वे स्वयं भी सड़कों को सदैव प्राथमिकता देते हैं। इसके अतिरिक्त जुब्बल-नावर-कोटखाई में करोड़ों रुपये की लागत से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से तीन स्वास्थ्य केंद्र जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।

 

जल शक्ति विभाग के 175 करोड़ के कार्य जारी

रोहित ठाकुर ने बताया कि जल शक्ति विभाग के अधीन क्षेत्र में 175 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें सबसे बड़ी परियोजना 38.08 करोड़ रुपये से तैयार की गई पब्बर नदी उठाऊ पेयजल योजना है जिसे जनता को समर्पित किया जा चुका है। इस 17 किलोमीटर लंबी पेयजल परियोजना से जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की लगभग 23 पंचायतें लाभान्वित हो रही हैं, जबकि अन्य जल परियोजनाओं को भी जल्द पूरा किया जाएगा।

 

डकैड़ में 20 करोड़ से बन रहा शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान

शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल के डकैड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) का निर्माण कार्य चल रहा है। यह जुब्बल क्षेत्र में बनने वाला एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान होगा, जहां आगामी समय में प्रदेश और देश भर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे शिक्षा का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा।

 

जुब्बल स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में 8 खेलों का राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

युवाओं के स्वास्थ्य और नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार खेलों पर विशेष बल दे रही है और जुब्बल स्थित स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स प्रदेश का पहला ऐसा संस्थान है जहां छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल रही हैं। वर्ष 1987 में बने इस छात्रावास में पहले केवल वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया जाता था, जबकि आज यहां 8 अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण मिल रहा है और यहां की छात्राएं देश-विदेश में जुब्बल का नाम रोशन कर रही हैं।

 

भूमि दानदाता मुकेश अपटा का जताया आभार

कार्यक्रम से पूर्व क्यारी गांव के लोगों ने चिवा पुल के समीप शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का भव्य स्वागत किया और इस सड़क के निर्माण पर उनका आभार व्यक्त किया। अंत में रोहित ठाकुर ने सभी ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं और इस सड़क के निर्माण हेतु अपनी भूमि दान करने वाले भूमि दानदाता मुकेश अपटा का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

खबरें और भी हैं...