रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उपमंडल ठियोग के बहानी गांव में रविवार तड़के तीन अलग-अलग घरों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस की इस सघन तलाशी के दौरान कुल करीब आठ किलोग्राम चरस बरामद हुई है और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को इस संबंध में पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की विशेष रणनीति तैयार की गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने एक ही समय पर तीनों ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, ताकि आरोपी एक-दूसरे को सतर्क न कर सकें।
तीनों ठिकानों से अलग-अलग बरामद हुई चरस की खेप और नकदी
पुलिस के अनुसार, पहले ठिकाने पर श्याम सिंह के घर की तलाशी के दौरान 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जबकि दूसरे घर में लक्ष्मी नंद के यहां से करीब 900 ग्राम चरस मिली। तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ के घर से सबसे बड़ी खेप के रूप में 5.5 किलोग्राम चरस, 1,05,690 रुपये नकद और वजन करने वाली मशीन बरामद हुई।
थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों श्याम सिंह, लक्ष्मी नंद और हरि वल्लभ को गिरफ्तार कर थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और आगे किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
आरोपियों के संपर्कों और संभावित नेटवर्क की गहनता से जांच जारी
मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के संपर्कों, कॉल डिटेल्स और संभावित तस्करी नेटवर्क की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का लक्ष्य इस अवैध कारोबार की पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त करना है ताकि नशा माफिया की जड़ों पर प्रहार किया जा सके।
वर्ष 2026 में व्यावसायिक मात्रा के 27 मामले दर्ज, टूटा तीन साल का रिकॉर्ड
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थ बरामदगी से जुड़े 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2025 में ऐसे छह, 2024 में 14 और 2023 में छह मामले दर्ज हुए थे। इस वर्ष दर्ज मामलों की संख्या पिछले तीन वर्षों के कुल 26 मामलों से भी अधिक हो चुकी है।
बड़े नशा तस्करों पर पुलिस का फोकस, अभियान रहेगा जारी: एसएसपी गौरव सिंह
पुलिस का कहना है कि इस साल कार्रवाई का मुख्य फोकस बड़े नशा तस्करों और उनके संगठित नेटवर्क पर रखा गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ शिमला पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।