रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू में सोमवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर एक तेज रफ्तार जीप और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब 8 किलोमीटर दूर बबेली स्थित आईटीबीपी (ITBP) कैंप के समीप हुआ। मृतक की पहचान चेतन, पुत्र टीकम सिंह, निवासी जिला मंडी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान योगेश, पुत्र गोवर्धन के रूप में की गई है।
अस्पताल में चिकित्सकों ने चेतन को किया मृत घोषित, साथी का उपचार जारी
बताया जा रहा है कि सोमवार रात को चेतन अपने दोस्त योगेश के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही वे आईटीबीपी शिविर के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद चेतन को मृत घोषित कर दिया और घायल योगेश का उपचार जारी है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।