रमेश कंवर: शिमला
Himachal: हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा और क्रांतिकारी कदम उठाया है। इसके तहत अब जल्द ही चिकित्सकों को मरीजों का पूरा चिकित्सीय विवरण और जांच रिपोर्ट महज एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेगी, जिससे मरीजों और डॉक्टरों दोनों को उपचार प्रक्रिया में बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (HMIS) लागू करने जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इस प्रणाली के माध्यम से मरीजों के रिकॉर्ड, अस्पतालों की जानकारी, डेटा एंट्री और रिपोर्ट तैयार करने सहित अन्य संस्थागत प्रक्रियाओं का पूर्ण डिजिटलीकरण किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेजों में भरे जाएंगे 561 पद
राज्य सरकार ने इस प्रणाली के सफल कार्यान्वयन और सुचारू संचालन के लिए कुल 661 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) और डेटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रदेश के विभिन्न राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में 561 पद भरे जाएंगे। इनमें इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (IGMC) शिमला में 100, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 100, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में 90, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाना में 70, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में 61, पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में 50, डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नाहन में 50, चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20 तथा राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल शिमला में 20 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी डेटा एंट्री ऑपरेटरों के 100 पद भरे जाएंगे।
ई-ऑफिस से लेकर जेम पोर्टल और डेटा प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार
प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती से स्वास्थ्य संस्थानों में सूचनाओं की समयबद्ध एंट्री, रख-रखाव और अपडेट सुनिश्चित हो सकेगा। ये कर्मचारी ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन पत्राचार, एचएमआईएस संचालन, डेटा प्रबंधन, रिपोर्ट तैयार करने, सरकारी पोर्टल संचालन, ई-वेतन से जुड़े कार्यों, ऑनलाइन भर्ती एवं स्थापना संबंधी मामलों तथा सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से खरीद प्रक्रिया सहित विभिन्न तकनीक आधारित प्रशासनिक गतिविधियों में सहयोग करेंगे। इससे विद्यार्थियों, शिक्षण संकाय, चिकित्सा व गैर-चिकित्सा कर्मचारियों, मरीजों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित डेटा प्रबंधन भी अधिक व्यवस्थित होगा।
प्रदेश में ही मिलेंगी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, बाहर जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त श्रम शक्ति, आधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत ढांचे से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तरोन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि प्रदेशवासियों को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें और उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचएमआईएस की शुरुआत और आईटी कर्मचारियों की नियुक्ति स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।