Kangra Crime News: कांगड़ा जिले की पालमपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उपमंडल के लोहना क्षेत्र में देर रात एक किराए के मकान में छापेमारी कर पंजाब के दो युवकों को 28.65 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना पालमपुर की टीम को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि लोहना क्षेत्र में एक किराए के कमरे की आड़ में नशे का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित ठिकाने पर दबिश दी और कमरे में मौजूद दोनों युवकों को काबू कर तलाशी के दौरान यह बड़ी खेप बरामद की।
गुरदासपुर और अमृतसर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों युवक पंजाब के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान जोश (21) निवासी धारीवाल, जिला गुरदासपुर और राजवीर (18) निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और पुलिस थाना पालमपुर में उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे नशा नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से खरीदकर लाए थे और पालमपुर क्षेत्र में इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। इसके अतिरिक्त, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी लोहना में कितने समय से किराए के कमरे में रह रहे थे और इस अवैध कारोबार में अन्य किन-किन स्थानीय लोगों की संलिप्तता है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।