रमेश कंवर: शिमला
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में नवंबर के महीने में बादलों की बेरुखी के चलते बारिश में 82 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है, जिससे पूरे राज्य में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे लुढ़क गया है। शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा, जबकि बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। इसी बीच शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 1 दिसंबर तक बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में देर रात व सुबह के समय कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।
चार जिलों में सूखा पड़ा नवंबर, सामान्य से महज 3.1 मिमी ही हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार नवंबर महीने में राज्य में सामान्य 17.1 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 3.1 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई, जो सीधे तौर पर 82 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है। प्रदेश के चार जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में बारिश में 100 प्रतिशत की कमी रही। इसके अलावा कांगड़ा में 99 प्रतिशत, कुल्लू और मंडी में 98 प्रतिशत, सोलन में 96 प्रतिशत, शिमला में 91 प्रतिशत, चंबा में 87 प्रतिशत, लाहौल-स्पीति में 66 प्रतिशत तथा किन्नौर में 52 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति जिले का ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सूखी ठंड से बचने के लिए डॉक्टरों ने दी खास सलाह
लगातार बढ़ती सूखी ठंड को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार लोग खुद को हाइड्रेटेड और गर्म रखें तथा घर के अंदर नमी बनाए रखें, क्योंकि इस तरह की शुष्क ठंड से सांस संबंधी समस्याएं, गले में खराश, त्वचा का रूखापन और मौसमी संक्रमण बढ़ने का खतरा रहता है।