एचआरटीसी पैंशनरों ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा: शिमला मुख्यालय के बाहर 2000 पैंशनरों का हल्ला बोल; हरोली-नादौन में भी धरने

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के विरुद्ध आर-पार का मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रदेश भर से जुटे करीब 2,000 पैंशनरों ने शिमला स्थित निगम मुख्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और प्रबंधन व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पैंशनरों ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करेंगे।

 

डीए में कटौती पर फूटा गुस्सा, मासिक ग्रांट 20 करोड़ से बढ़ाकर 25 करोड़ करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान पैंशनरों ने प्रदेश सरकार पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें देय 8 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) के स्थान पर डेढ़ वर्ष की देरी के बाद महज 3 प्रतिशत डीए जारी किया गया है और उसका एरियर भी अभी तक नहीं दिया गया है। पैंशनरों ने मांग उठाई कि हर महीने समय पर पैंशन सुनिश्चित करने के लिए मासिक ग्रांट को 20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 25 करोड़ रुपये किया जाए। इसके अतिरिक्त, शेष 5 प्रतिशत डीए की किस्त तुरंत जारी करने, नए वेतनमान के तहत 50,000 रुपये की बकाया किस्त 9 प्रतिशत ब्याज सहित देने और मेडिकल बिलों का हर महीने नियमित भुगतान करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।

 

जुलाई 2025 के बाद रिटायर कर्मियों की पैंशन व ग्रैच्युटी-लीव इनकैशमैंट जारी करने पर जोर

संयुक्त संघर्ष समिति ने हाल ही में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लंबित वित्तीय मामलों को भी मजबूती से उठाया। समिति ने मांग की है कि जुलाई 2025 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की पैंशन तुरंत प्रभाव से शुरू की जाए तथा सितम्बर 2024 के बाद रिटायर हुए कर्मियों को ग्रैच्युटी व लीव इनकैशमैंट की राशि शीघ्र जारी की जाए। इसके साथ ही, वर्ष 2016 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए कर्मियों की पे-मैट्रिक्स के आधार पर पैंशन का पुनर्निर्धारण करने और परिचालकों को 20 वर्ष की सेवा पर देय 2 वेतन वृद्धियां प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

 

बजट सत्र से लेकर हरोली-नादौन तक आंदोलन का रोडमैप तैयार

संघर्ष समिति के सचिव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने पैंशनरों के हक में समयबद्ध निर्णय नहीं लिया, तो आगामी एक वर्ष के लिए आंदोलन की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस रणनीति के तहत विधानसभा के बजट सत्र के साथ-साथ जून और सितम्बर माह में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके अलावा सरकार पर दबाव बनाने के लिए हरोली और नादौन में भी धरने दिए जाएंगे।

 

चुनाव में जवाब देने की चेतावनी

समिति ने ऐलान किया है कि वे अपने अधिकारों के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और अगले वर्ष होने वाले चुनावों में भी सरकार को इसका करारा जवाब दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...