शिंकुला टनल और मनाली-सर्चू सड़क चौड़ीकरण को मिलेगी रफ्तार: डीसी निवेदिता नेगी ने एफसीए मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में विकास परियोजनाओं और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष केलांग में वन संरक्षण अधिनियम (FCA) से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वन मंडल लाहौल के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं से जुड़े विभागीय प्रस्तावों, सीमा सड़क संगठन (BRO) की सड़क एवं निर्माण परियोजनाओं तथा प्रोजेक्ट योजक के प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति और लंबित औपचारिकताओं की समीक्षा के साथ पिछली बैठक के निर्देशों पर हुई कार्रवाई पर चर्चा की गई।

 

हेलिपोर्ट, खेल परिसर और शिक्षण संस्थानों के लंबित एफसीए प्रस्तावों पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान ‘परिवेश’ पोर्टल पर दर्ज मामलों के साथ-साथ राजकीय पॉलीटेक्निक उदयपुर, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय कुकुमसेरी और उदयपुर सब-स्टेशन के लंबित प्रस्तावों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त तांदी स्थित सीएसआईआर-आईएचबीटी केंद्र, फुंक्यार हेलिपोर्ट, जाहलमा नाला में ड्रेजिंग एवं माइनिंग कार्य तथा सिस्सू में राजा घेपन क्रिकेट मैदान एवं शीतकालीन खेल परिसर से संबंधित एफसीए मामलों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

मनाली-सर्चू सड़क के 14.9 हेक्टेयर प्रस्ताव को मिली मंजूरी

सीमा सड़क संगठन (BRO) के 94 आरसीसी एवं 38 बीआरटीएफ से संबंधित चार प्रमुख प्रस्तावों की समीक्षा की गई, जिनमें सुमदो-काजा-ग्राम्फू तथा संसारी-किलाड़-तिंदी सड़क के सुधार एवं चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि मनाली-सर्चू सड़क के सुधार एवं चौड़ीकरण के लिए 14.9 हेक्टेयर एफसीए प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि पार्किंग एवं सड़क किनारे सुविधाओं से जुड़े अन्य प्रस्तावों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। वहीं, प्रोजेक्ट योजक के अंतर्गत शिंकुला टनल एवं अप्रोच रोड के निर्माण सहित सैटेलाइट कार्यालय, आवास व अन्य अस्थायी निर्माण सुविधाओं से जुड़े एफसीए प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रतिपूरक शुल्क और औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा गया।

 

लंबित EDS के जवाब व प्रतिपूरक शुल्क शीघ्र जमा करवाने के आदेश

उपायुक्त निवेदिता नेगी ने संबंधित विभागों और उपयोगकर्ता एजेंसियों को लंबित ई-डीएस (EDS) के जवाब, स्टेज-I अनुपालन रिपोर्ट तथा प्रतिपूरक शुल्क शीघ्र जमा करवाने के निर्देश दिए और वन विभाग को समयबद्ध जांच पूरी करने पर जोर दिया। बैठक में स्पीति वन्यजीव मंडल काजा द्वारा प्रस्तुत वन एवं वन्यजीव स्वीकृति मामलों की प्रगति की समीक्षा भी की गई, जिसमें बताया गया कि वन विभाग ने विभिन्न वन मंडलों से समन्वय कर प्रतिपूरक वनीकरण के लिए भूमि की व्यवस्था कर प्रस्ताव परिवेश पोर्टल पर आगे भेज दिए हैं।

खबरें और भी हैं...