हमीरपुर में रिश्तों का कत्ल: बेरहमी से पीट-पीटकर पति ने की पत्नी की हत्या, सुबह बिस्तर पर मिली लाश

Himachal News

Hamirpur Crime News: जिला हमीरपुर के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल रोपा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान प्रेम लता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति की पहचान दिनेश कुमार उर्फ लक्की के तौर पर की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार (25 नवंबर) की शाम प्रेम लता जंगल गई हुई थी और जब वह वापस घर लौटी, तो उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके पति दिनेश कुमार उर्फ लक्की ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद परिजनों ने महिला को रात का भोजन खिलाकर सुला दिया, लेकिन 26 नवंबर की सुबह वह मृत अवस्था में पाई गई और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मौजूद थे।

 

हत्या का केस दर्ज, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

गांव निवासी करतार चंद की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दिनेश कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...