Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं स्थित सीर खड्ड पुल से छलांग लगाकर जान देने वाली दो नाबालिग छात्राओं की मौत का मामला अब विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी गूंज उठा है। वीरवार को सदन की कार्यवाही के दौरान भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत इस संवेदनशील मुद्दे को उठाते हुए घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच की पुरजोर मांग की। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि आखिर ऐसी क्या विवशता थी कि दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 और 15 वर्षीय दो मासूम छात्राओं को इतना आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। सदन में जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जांच से जुड़े प्रारंभिक तथ्य साझा किए और आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाएगी।
बरमाणा थाने से जांच हटाने की मांग
विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि 15 नवंबर को बरमाणा क्षेत्र की दो छात्राएं अपने नाना से पैसे लेकर सुंदरनगर गई थीं, लेकिन रात को घर नहीं लौटीं। अगले दिन जब उन्हें तलाशने के लिए युवक भेजे गए तो दोनों छात्राओं ने सीर खड्ड पुल से कूदकर जान दे दी। जम्वाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों छात्राएं रात भर कहां ठहरी थीं। उन्होंने क्षेत्र में चिट्टा माफिया के सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए इस पूरे प्रकरण में नशा माफिया की संलिप्तता की आशंका जताई। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच बरमाणा पुलिस थाने को न सौंपी जाए, क्योंकि वहां पूर्व में माफिया के दबाव में महिला मंडलों पर एफआईआर दर्ज करने के आरोप लगे थे और विवादित रहे एसएचओ को दोबारा वहां तैनात किया गया है।
CM सुक्खू का सदन में खुलासा: मंडी गई थीं छात्राएं, कूदने से पहले गले लगीं
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन को अवगत कराया कि 15 नवंबर की शाम पुलिस को इस दुखद घटना की सूचना मिली थी। अब तक की जांच में सामने आया है कि दोनों छात्राएं दो युवकों के साथ मंडी गई थीं। जब गांव से कुछ युवक उन्हें ढूंढने पहुंचे तो परिजनों के गुस्से और डर के कारण दोनों छात्राएं घर नहीं लौटना चाहती थीं, और पुल पर एक-दूसरे के गले लगकर खड्ड में कूद गईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे एक छात्रा ने किसी श्रमिक का मोबाइल लेकर एक लड़के से फोन पर बातचीत भी की थी। पुलिस अब दोनों छात्राओं के मोबाइल चैट और इंस्टाग्राम अकाउंट की गतिविधियों को बारीकी से खंगाल रही है। एक मृतका की नानी के बयान के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी जताई चिंता
सदन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी विधायक त्रिलोक जम्वाल द्वारा उठाई गई शंकाओं को अत्यंत गंभीर बताते हुए सरकार से उच्चस्तरीय और पारदर्शी कार्रवाई करने की मांग की। विपक्ष की मांग और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए किसी अन्य योग्य अधिकारी को मामले की जांच सौंपी जाएगी और जांच पूरी होने के बाद पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी।