Himachal News: कांगड़ा जिले में पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत आने वाले परौर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर सोने की चेन झपटने की सनसनीखेज वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। भवारना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को धर दबोचा है।
आरोपी की पहचान 32 वर्षीय राहुल सैमुअल, निवासी वार्ड नंबर 3, मोल खड्ड (पालमपुर, जिला कांगड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
28 सितंबर की मध्यरात्रि घर में सो रही महिला के गले से झपटी थी चेन
पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने खुलासा किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 28 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि परौर में एक घर में सो रही बुजुर्ग महिला के कमरे में चोरी-छिपे प्रवेश किया था। इसके बाद दोनों आरोपी महिला के गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी राहुल सैमुअल को पालमपुर अदालत में पेश किया, जहां से माननीय अदालत ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
दूसरा आरोपी एनडीपीएस एक्ट में पहले ही जा चुका है जेल
मामले का दूसरा आरोपी अरुणवीर सिंह उर्फ मोंगली भवारना पुलिस द्वारा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत हाल ही में दर्ज एक अन्य मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। चेन छीनने की इस वारदात में भी उसकी संलिप्तता पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। भवारना पुलिस अब आरोपियों के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी के प्रयास कर रही है। इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या ये आरोपी पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई चोरी या स्नेचिंग की अन्य घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।