रमेश कंवर: केलांग
Himachal News: जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति से बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तांदी गांव के समीप सोमवार को एक हरियाणा नंबर की गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी चंद्रभागा नदी में समा गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के वक्त वाहन में कुल सात लोग सवार थे।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र लाहुल-स्पीति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन (HR 03P 3251) तांदी गांव के पास अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे उफनती नदी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के पटवारी मायड़ और स्थानीय पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
Himachal News: मरने वालों में एक ही घर के दो सगे भाई शामिल
हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान सलग्रां निवासी शिव कुमार और अजय (दोनों पुत्र रूप सिंह) तथा कार्तिक पुत्र जारम चंद के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सगे भाइयों सहित गांव के तीन होनहार युवकों की एक साथ मौत से पूरे सलग्रां क्षेत्र में मातम छा गया है। दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों में रोहित पुत्र मदन लाल, पुष्पेंद्र पुत्र अमरनाथ, समीर पुत्र राम किशन और विवेक पुत्र देवी सिंह शामिल हैं। इनमें से रोहित, समीर और विवेक सलग्रां के रहने वाले हैं, जबकि वाहन चालक पुष्पेंद्र भुजुंड गांव का निवासी है।
घायलों का सीएचसी उदयपुर में उपचार जारी, इलाके में पसरा सन्नाटा
स्थानीय प्रशासन और पुलिस दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को नदी की खाई से बाहर निकाला और त्वरित उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शादी की खुशियों के बीच अचानक घटे इस भीषण हादसे ने पूरे लाहुल घाटी को झकझोर कर रख दिया है। (Himachal News)