रमेश कंवर: शिमला
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक धूप खिलने और मौसम साफ रहने के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 और 25 अक्तूबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के चलते राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि मौसम विभाग की तरफ से इसे लेकर कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 24 अक्तूबर को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश व हिमपात देखने को मिल सकता है। दूसरी तरफ मैदानी क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके पश्चात 26 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में मौसमी गतिविधियों में कमी आएगी और मौसम दोबारा पूरी तरह साफ होने का अनुमान है।
Himachal Weather: धूप खिलने के बावजूद सुबह-शाम की ठंड में बढ़ोतरी
वर्तमान समय में समूचे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके चलते दिन के वक्त चटख धूप खिल रही है और लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। इसके बावजूद सुबह और देर शाम के समय ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पारा सामान्य स्तर से लगभग एक डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ है।
जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड, ताबो में पारा 0.4 डिग्री पहुंचा
राज्य के जनजातीय और उच्च पर्वतीय इलाकों में अब कड़ाके की सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ताजा रिपोर्ट के अनुसार लाहौल-स्पीति का ताबो क्षेत्र प्रदेश में सबसे ठंडा दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा केलांग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री और कुकुमसेरी में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।