हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार (Vinay Kumar) ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश की अर्थव्यवस्था का बंटाधार कर 76 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज और कर्मचारियों की 12 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियों को प्रदेश पर थोपा। पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के कर्मचारियों से कुठाराघात करते हुए उनकी देनदारियों को चुकता नहीं किया था, जबकि वर्तमान सुक्खू सरकार उनकी सभी देनदारियों के प्रति पूरी तरह गंभीर है।
आपदा राहत और केंद्र की नीतियों पर साधा निशाना
विनय कुमार ने कहा कि आपदा के समय भाजपा नेताओं ने केवल घड़ियाली आंसू बहाए और राजनीतिक हित साधते रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी आज दिन तक पूरी नहीं हो पाई है, जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी प्रभावितों की पूरी मदद की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा आरडीजी बंद कर प्रदेश के विकास को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।
कर्मचारियों व पेंशनरों को दिया बकाये के भुगतान का भरोसा
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को आश्वासन दिया है कि उनके सभी बकाया व देय के प्रति सुक्खू सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और जल्द ही उनका भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों को भाजपा के दुष्प्रचार से आगाह करते हुए याद दिलाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की ओपीएस बहाल कर अपना वादा पूरा किया है और आगे भी सभी वादों को पूरा करेगी।