Kullu News: पंजाब में बिक्री के लिए जा रही 500 पेटी बीयर कुल्लू में जब्त, भुंतर थाने में FIR दर्ज

Kullu News Illegal Beer Seized Excise Department

Kullu News: कुल्लू-मनाली फोर लेन मार्ग पर आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने जरड के समीप नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रोककर उसमें पंजाब में बिक्री के लिए ले जाई जा रही 500 पेटी अवैध बीयर बरामद की है। बीयर की इन पेटियों में कुल 7,200 बोतलें भरी हुई थीं। आबकारी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीयर की खेप सहित ट्रक को जब्त कर लिया है और भुंतर पुलिस थाने में आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करवा कर मामला आगामी जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया है।

राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम ने 3 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:40 बजे जरड स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के पास नियमित जांच के लिए एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक के भीतर बीयर का विशाल जखीरा मिला, जिस पर स्पष्ट रूप से ‘फॉर सेल इन पंजाब’ अंकित था। चालक से जब परिवहन के वैध पास व परमिट मांगे गए, तो वह कोई भी कानूनी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। बीयर की खेप में ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग की 294 पेटी, बडवाइजर मैग्नम की 100 पेटी (500 मि.ली.) और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग की 106 पेटी शामिल थीं।

इस सफल कार्रवाई को सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी सुरेश शर्मा, गंगाराम, आबकारी पुलिस आरक्षी अशोक कुमार और चालक सुरेश कुमार की टीम ने अंजाम दिया। आबकारी विभाग के उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 39(1) के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि राज्य में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और राजस्व चोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी तस्करी के खिलाफ यह विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...