Una News: अम्ब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलवां के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहाँ दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे और दो मासूम पोता-पोती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना भयंकर था कि टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कबाड़ में तब्दील हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 70 वर्षीय राजिन्द्र प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हुए अन्य परिजनों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे परिवार में कोहराम और मातम का माहौल छा गया है।
गलत दिशा से आई तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, पीड़ित ने दर्ज कराया बयान
पुलिस को दिए बयान में घायल गौरव जसवाल (निवासी नकड़ोह, ऊना) ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने पिता राजिन्द्र प्रसाद, 7 साल के बेटे आरव जसवाल और 10 साल की बेटी अनवी जसवाल के साथ कार में सवार होकर घर से ऊना की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार दिलवां चढ़ाई के पास पहुंची, सामने ऊना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
लापरवाह चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।