Shahpur News: भलेड़ पावर हाउस के पास खाई में गिरी बाइक, दर्दनाक हादसे में 3 युवाओं की मौत

Shahpur News Bike Accident Bhaled 3 Dead

Shahpur News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। दरीणी पंचायत के झुनेना गांव के तीन युवाओं की देर रात भलेड़ पावर हाउस के समीप अपनी मोटर साइकिल समेत गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक कुमार, प्रिंस तथा पवन कुमार के रूप में हुई है। एक साथ गांव के तीन युवाओं की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है और भारी शोक की लहर दौड़ गई है।

इस हृदयविदारक हादसे की सूचना मिलते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया तुरंत सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर भारी दुख में डूबे परिजनों से मुलाकात की और इस कठिन घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें प्रशासन की तरफ से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का पूरा आश्वासन दिया।

 

विधायक ने पोस्टमार्टम के लिए सीएमओ धर्मशाला से की बात

विधायक केवल सिंह पठानिया ने तीनों मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम को लेकर धर्मशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने तुरंत प्रभाव से शवों को धर्मशाला ले जाने के लिए आवश्यक एंबुलेंस व अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करवाईं, ताकि दुख की इस घड़ी में परिजनों को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

 

स्थानीय नेताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जताया दुख

हादसे की खबर मिलते ही विधायक के साथ-साथ कई अन्य स्थानीय नेता और जन प्रतिनिधि भी पीड़ित परिवारों का दुख बांटने के लिए सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंच गए। नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर सहित कई अन्य स्थानीय लोगों ने अस्पताल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

खबरें और भी हैं...