Kullu News: कुल्लू के कला केंद्र में राष्ट्रीय पुस्तक मेले का आगाज, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने किया उद्घाटन

2 घंटे पहले
Kullu News NBT National Book Exhibition Inaugurated

Kullu News: लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र ढालपुर में सात दिवसीय राष्ट्रीय पुस्तक प्रदर्शनी का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने इस पुस्तक मेले का विधिवत उद्घाटन किया। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT), जिला सांस्कृतिक परिषद और भाषा संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित यह प्रदर्शनी 5 से 11 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 7 बजे तक आम जनता और विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क खुली रहेगी।

उद्घाटन अवसर पर एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने विद्यार्थियों में बचपन से ही पठन-पाठन की आदत विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति और स्क्रीन टाइम के इस दौर में भी भौतिक पुस्तकें पढ़ने का अपना एक अलग आनंद और महत्व है। उन्होंने छात्रों से पाठ्यक्रम के अलावा अपनी रुचि की अन्य पुस्तकें पढ़ने का आह्वान किया ताकि उनका सर्वांगीण बौद्धिक विकास हो सके। एनबीटी के सहायक निदेशक विक्रम सिंह मीना और सहायक प्रबंधक अमित कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

 

60 से अधिक भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हैं पुस्तकें, युवाओं व शोधार्थियों के लिए विशेष मंच

इस सात दिवसीय ज्ञानोत्सव में विभिन्न आयु वर्ग के पाठकों, शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए 60 से अधिक भारतीय भाषाओं एवं बोलियों में पुस्तकें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। प्रदर्शनी में बाल साहित्य, युवा साहित्य, विज्ञान, कला और साहित्यिक कृतियों का विशाल संग्रह रखा गया है। कार्यक्रम में जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ज्ञानचंद, विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाचार्य, स्थानीय साहित्यकार और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...