Drops of Change: राजभवन शिमला में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जल शक्ति विभाग की कॉफी टेबल बुक ‘ड्रॉप्स ऑफ चेंज: इम्पैक्टफुल स्टोरीज ऑफ जल शक्ति डिपार्टमेंट, हिमाचल प्रदेश’ का विमोचन किया। यह पुस्तक उप-मुख्यमंत्री एवं जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के कुशल मार्गदर्शन में विभाग द्वारा तैयार की गई है, जिसका संपादन जल शक्ति विभाग के प्रधान सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने किया है। इस पुस्तक में प्रदेश के विभिन्न मंडलों की करीब 100 सफलता की कहानियों का संकलन किया गया है, जो जल संरक्षण, सीवरेज, पेयजल आपूर्ति और बाढ़ सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों को उजागर करती हैं।
राज्यपाल ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘ड्रॉप्स ऑफ चेंज’ हिमाचल की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच कार्य कर रहे अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों के समर्पण का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने रेखांकित किया कि यह प्रकाशन केवल आंकड़ों और योजनाओं का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि उन परिवारों और किसानों की जीवन गाथा है जिनकी आजीविका में जल सुरक्षा से बड़ा सुधार आया है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
संस्थागत ज्ञान और भविष्य की योजनाओं के लिए उपयोगी बनेगा यह दस्तावेज़
जल शक्ति विभाग के प्रधान सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि इस पुस्तक में जल जीवन मिशन, ‘कैच द रेन’ अभियान, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) व न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) द्वारा वित्तपोषित बाह्य परियोजनाओं की उपलब्धियों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘ड्रॉप्स ऑफ चेंज’ का मुख्य उद्देश्य सफल कार्यप्रणालियों को संस्थागत ज्ञान में बदलना है ताकि भविष्य में विभागीय प्रशिक्षण और नई योजनाओं के निर्माण के लिए इसे एक संदर्भ दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।