Kangra News: कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति के किसी अन्य महिला के साथ कथित संबंधों से तंग आकर एक महिला ने खौफनाक कदम उठाते हुए फ्लोर क्लीनर पी लिया। घटना के तुरंत बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर है।
जानकारी के मुताबिक, पति के किसी अन्य महिला के साथ कथित संबंधों को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था। महिला को अपने पति पर काफी समय से शक था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। बीती रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने गुस्से में अपना आपा खो दिया और घर में रखा फ्लोर क्लीनर घटक लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी को काफी समय हो चुका है और उनके तीन बच्चे भी हैं। घटना के बाद पीड़िता ने ज्वालामुखी पुलिस थाने में अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया है।
डीएसपी ज्वालामुखी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। दोनों पति-पत्नी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की असली वजह और सच्चाई सामने आ पाएगी।