Shimla News: बनूटी में खेल महाकुंभ 2026 का आगाज, 10 हजार प्रतिभागी दिखाएंगे दम; विक्रमादित्य सिंह ने किया शुभारंभ

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में भव्य खेल महाकुंभ 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। लगभग 20 दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का समापन 15 नवंबर को सुन्नी में होगा। इस वर्ष आयोजन में करीब 9,500 से 10,000 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है, जिसमें युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ महिलाओं को भी खेल और सांस्कृतिक मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि खेल महाकुंभ का प्राथमिक उद्देश्य हार-जीत से परे हटकर हर वर्ग को प्रतिभा प्रदर्शन का समान अवसर देना है। आयोजकों, रेफरी और अंपायरों को सभी मुकाबले निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च खेल भावना के साथ कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

 

Shimla News: पहली बार बॉक्सिंग शामिल

इस वर्ष खेल महाकुंभ में पहली बार बॉक्सिंग को शामिल किया गया है, जिसके परिचयात्मक मुकाबलों में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और रस्साकशी के अलावा लोक नृत्य, फैशन शो, मॉडलिंग और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी होंगी।

 

क्रिकेट विजेता को मिलेंगे 2 लाख रुपये

खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख, उपविजेता को 1 लाख और ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ को 10,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं वॉलीबॉल, रस्साकशी और पुरुष व महिला कबड्डी विजेताओं को 50,000 और उपविजेताओं को 25,000 मिलेंगे। बैडमिंटन विजेता को 15,000 तथा लोक नृत्य में प्रथम स्थान पर 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

 

शिमला ग्रामीण में 600 करोड़ और प्रदेश में 10 हजार करोड़ के विकास कार्य

समारोह को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले 4 वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य धरातल पर उतारे गए हैं। इसके अलावा लोक निर्माण और शहरी विकास विभागों के माध्यम से समूचे प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स संचालित किए गए हैं। उन्होंने आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विजन पर चलकर शिमला ग्रामीण को प्रदेश का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका प्रमुख संकल्प है।

 

प्रदेश के हितों पर मजबूती से पैरवी, राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम

मंत्री ने कहा कि प्रदेश के हकों और विकास के मुद्दों को केंद्र तथा राज्य सरकार के समक्ष मजबूती एवं शालीनता से उठाना उनकी प्राथमिकता है। हिमाचल के हितों की रक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हर उस व्यक्ति का स्वागत करते हैं जो क्षेत्र की प्रगति में भागीदार बनना चाहता है, लेकिन शिमला ग्रामीण के विकास में बाधा डालने वालों का डटकर मुकाबला किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के लिए खेल सुविधाओं और रोजगार अवसरों के विस्तार पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।

 

कार्यक्रम में गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद

उद्घाटन अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, चरणजीत लाल, कैलाश फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन बृजलाल, चंद्रशेखर शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, इंद्रजीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष देविंद्र ठाकुर व गोपाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर, अनीता शर्मा, प्रभा वर्मा, किरण शर्मा, विकास काल्टा, पार्षद मोनिका भारद्वाज, प्रदीप वर्मा, दिलबर कुमारी सहित आयोजन समिति के सदस्य और भारी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...