Mandi News: जिला मंडी पुलिस ने सरकाघाट थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी से 1.567 किलोग्राम चरस बरामद की है। तस्कर ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए चरस को गाड़ी के भीतर विशेष रूप से गुप्त जगह बनाकर छिपा रखा था, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता से यह शातिर पैंतरा नाकाम हो गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
Mandi News: चंडैश के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई गाड़ी
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार सरकाघाट पुलिस थाना की एक टीम चंडैश इलाके में मौजूद थी और आने-जाने वाले वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पटड़ीघाट की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी (HP 65A-2433) को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिसकर्मियों को गाड़ी के अंदर धातु की एक संदिग्ध प्लेट लगी हुई दिखी। जब उस प्लेट को हटाया गया, तो उसके नीचे छुपाकर रखा गया एक पैकेट बरामद हुआ, जिसमें 1 किलो 567 ग्राम चरस निकली।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
मौके पर चरस की खेप को सील करने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमर सिंह, निवासी तहसील पधर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस थाना सरकाघाट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।