रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू की पार्वती घाटी में नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत मणिकर्ण पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी और गश्त के दौरान दो नेपाली नागरिकों को कुल 625 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
घाटी में बाहरी राज्यों और विदेशी मूल के नागरिकों द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान यह सफलता हाथ लगी है।
Kullu News: ढुंखरा मोड़ पर 312 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया 21 वर्षीय युवक
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार पहला मामला मणिकर्ण थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढुंखरा मोड़ (चौहकी पुल) के पास सामने आया। यहां पुलिस टीम नियमित नाकाबंदी कर वाहनों और राहगीरों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 312 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय सरोज मगर, निवासी जिला रुकुम (नेपाल) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कुल्लू जिले के जरी क्षेत्र अंतर्गत चौहकी में रह रहा था।
गल्लू पुल के समीप 51 वर्षीय व्यक्ति से 313 ग्राम चरस बरामद
नशे के खिलाफ दूसरा मामला गल्लू पुल के पास दर्ज किया गया। यहां मणिकर्ण पुलिस की टीम गश्त पर तैनात थी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में भागने और घबराने का प्रयास करने लगा। संदेह गहराने पर पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर काबू किया और व्यक्तिगत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 313 ग्राम चरस बरामद की गई।
इस आरोपी की पहचान 51 वर्षीय विजय सिंह के रूप में हुई है। यह आरोपी भी मूल रूप से नेपाल का निवासी है और वर्तमान में जिला शिमला के नेरवा क्षेत्र में रह रहा था।