Kullu News: कुल्लू में टैक्सी चालक की हैवानियत, सुनसान जंगल में ले जाकर युवती से की अश्लील हरकतें व मारपीट

4 घंटे पहले
Kullu News Taxi Driver Assaults

Kullu News: कुल्लू जिले में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भुंतर से अपने घर दियार जाने के लिए टैक्सी किराए पर लेने वाली एक 25 वर्षीय युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा सुनसान जंगल में ले जाकर अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दियार निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने भुंतर से अपने गांव दियार जाने के लिए 500 रुपये में एक टैक्सी की थी। युवती का आरोप है कि टैक्सी चालक रूम सिंह, निवासी जमोट, उसे निर्धारित और सही रास्ते से ले जाने के बजाय जानबूझकर अप्पर जमोट के पास एक सुनसान जंगल की ओर ले गया।

पीड़िता ने बताया कि सुनसान जंगल में गाड़ी रोकने के बाद आरोपी चालक जबरन उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब युवती ने हिम्मत दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। वारदात के तुरंत बाद पीड़िता ने सूझबूझ का परिचय देते हुए 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर पुलिस को आपबीती सुनाई और मदद मांगी।

सूचना मिलते ही हरकत में आई कुल्लू पुलिस की टीम ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक रूम सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...