Kangra News: पालमपुर के सौरभ कालिया वन विहार में टॉय ट्रेन का सफल ट्रायल, शांता कुमार ने जताया सुक्खू सरकार का आभार

3 घंटे पहले
Shanta Kumar

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित पालमपुर के प्रसिद्ध सौरभ कालिया वन विहार में बहुप्रतीक्षित टॉय ट्रेन का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जन्म दिवस सप्ताह में टॉय ट्रेन का सफल परीक्षण होना एक बेहद सुखद क्षण है। जल्द ही इसका औपचारिक उद्घाटन होगा, जो हिमाचल प्रदेश के पर्यटन विकास में एक नया मील का पत्थर साबित होगा।

शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल के आसपास के पड़ोसी राज्यों में कहीं भी इस तरह की टॉय ट्रेन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। पिछले दो वर्षों से वे इसके निर्माण और स्वीकृति के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने टॉय ट्रेन प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश सरकार, वन विभाग, पालमपुर के पूर्व व वर्तमान वन मंडल अधिकारियों का विशेष आभार व्यक्त किया।

 

सौरभ कालिया वन विहार में बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने याद करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद कैप्टन सौरभ कालिया की स्मृति में उन्होंने अपनी सांसद निधि से इस वन विहार का निर्माण करवाया था। पूर्व में यहां मुख्य रूप से बोटिंग की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन अपनी नैसर्गिक सुंदरता के कारण यह स्थल धीरे-धीरे कांगड़ा घाटी का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन गया। अब टॉय ट्रेन सेवा शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों और बच्चों को एक नया और रोमांचक अनुभव मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री सुक्खू से पालमपुर आकर उद्घाटन करने का आग्रह

शांता कुमार ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद व्यक्त करते हुए उनसे विशेष आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू स्वयं पालमपुर पधारकर इस महत्वाकांक्षी टॉय ट्रेन परियोजना का उद्घाटन करें, जिससे पालमपुर और कांगड़ा के पर्यटन को और अधिक गति मिल सके।

खबरें और भी हैं...