रमेश कंवर: केलांग
Himachal News: जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने और केंद्र व राज्य सरकार की युवा-केंद्रित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय केलांग में ‘MY Bharat’ की द्वितीय तिमाही जिला सलाहकार समिति (DAC) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लाहुल-स्पीति किरण भड़ाना ने की।
बैठक में जिलेभर के युवाओं की खेल, समाजसेवा और प्रशासनिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान ‘VBYLD’ क्विज में स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और ‘MY Bharat’ पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने पर विशेष बल दिया गया।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों और कॉलेजों में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने के कड़े निर्देश जारी किए, ताकि युवाओं को सरकारी योजनाओं व अवसरों की सही जानकारी मिल सके। इसके साथ ही बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले में ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया गया। इसके तहत स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक-मुक्त अभियान, व्यापक पौधरोपण, रक्तदान शिविर और बुजुर्गों की सेवा जैसे जनहितकारी कार्य किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, 20 सितंबर को एकलव्य आवासीय विद्यालय में ‘नशामुक्त युवा राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को नशे की गर्त से दूर रखकर स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण शक्ति हैं। यदि उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को सही व सकारात्मक दिशा दी जाए, तो सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण को नई ऊंचाइयां दी जा सकती हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और इन्हें समयबद्ध तरीके से लागू करने के सख्त निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी अश्वनी कुमार, जिला युवा अधिकारी ऋषभ, उपनिदेशक शिक्षा एवं एनएसएस अधिकारियों सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।