Himachal News: नालागढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, नशा तस्कर की 2.08 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, परिजनों के नाम खरीदी संपत्तियों पर चला चाबुक

1 घंटा पहले
Himachal News

Himachal News: नालागढ़ क्षेत्र में नशा तस्करी से जुड़े एक परिवार की करीब 2.08 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज कर दिया है। पुलिस थाना नालागढ़ में 12 मई 2024 को टिक्कर पनौह निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके कब्जे से 6.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने जब आरोपी और उसके परिजनों की वित्तीय गतिविधियों व संपत्तियों का खंगालना शुरू किया, तो काली कमाई से खड़ी की गई अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ। इसके बाद कानून के प्रावधानों के अनुसार आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों को सील व फ्रीज करने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह की रिश्तेदार अमरजीत कौर की लगभग 80.07 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है, जिसमें टाटा पंच कार, एक्टिवा स्कूटर, 7.10 बिस्वा जमीन और उस पर बना दो मंजिला आलीशान मकान शामिल है। वहीं आरोपी के भाई सतनाम सिंह उर्फ सत्ती की पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम दर्ज 2.10 बिस्वा जमीन, उस पर बने मकान, मारुति जेन कार और एक्टिवा सहित करीब 83.15 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।

इसके अतिरिक्त आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा के नाम नालागढ़ में स्थित करीब 45 लाख रुपये की बाजार कीमत वाले मकान और जमीन को भी कानूनी शिकंजे में लेकर फ्रीज किया गया है। तीनों परिजनों की कुल फ्रीज संपत्ति का मूल्य 2 करोड़, 8 लाख, 22 हजार रुपये आंका गया है।

 

नशा तस्करों का आर्थिक नेटवर्क ध्वस्त करेगी पुलिस, डीएसपी बद्दी की सख्त चेतावनी

डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई अब केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। नशे की अवैध कमाई से बनाई गई हर संपत्ति और पूरे आर्थिक नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून के तहत नशा तस्करों और उनके सहयोगियों की अवैध संपत्तियों को फ्रीज तथा जब्त करने का यह कड़ा अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...