Haryana News: फरीदाबाद में सतर्कता विभाग का बड़ा छापा, 20 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

3 घंटे पहले

Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सतर्कता विभाग की टीम ने शुक्रवार को रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी-कम-जिला औद्योगिक केंद्र फरीदाबाद के कार्यालय में तैनात क्लर्क राहुल त्यागी को 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए मौके पर ही धर दबोचा। इस संबंध में आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वर्ष 2018 से अब तक के पूर्व आरडब्ल्यूएफ कार्यकाल के वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के एवज में आरोपी क्लर्क द्वारा 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में सत्यता पाए जाने के बाद एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की विशेष टीम ने नियमानुसार जाल बिछाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

तय सौदे के अनुसार आरोपी क्लर्क राहुल त्यागी ने जैसे ही मांगी गई रिश्वत की कुल राशि में से 20 हजार रुपये एडवांस के रूप में स्वीकार किए, वैसे ही पहले से तैयार बैठी ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी ट्रैप कार्रवाई एसवी एंड एसीबी यूनिट फरीदाबाद के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 20 दर्ज कर ली गई है और सतर्कता विभाग द्वारा मामले की आगामी जांच गहनता से जारी है।

खबरें और भी हैं...