Kullu News: कुल्लू पुलिस ने नशे के खिलाफ कसा शिकंजा, 10 नशा तस्कर गिरफ्तार; चरस और चिट्टा बरामद

Himachal News

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: कुल्लू पुलिस ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 55.32 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 531 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है।

नशे के खिलाफ चलाई जा रही इस विशेष मुहिम के तहत ताजा मामला पतलीकूहल के पास का है, जहां पुलिस ने एक युवती के कब्जे से बड़ी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।

 

1 अक्तूबर: पतलीकूहल में पुलिस ने डोभी पुल के समीप नाकेबंदी और गश्त के दौरान संदेह के आधार पर एक युवती की तलाशी ली। इस दौरान कटराईं के जटेहड़ बिहाल निवासी 24 वर्षीय युवती के कब्जे से 30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

27 सितंबर: जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने चीलमोड़ के पास नाकाबंदी के दौरान जयपुर (राजस्थान) निवासी 21 वर्षीय युवक को पकड़ा, जिसके कब्जे से 531 ग्राम चरस बरामद की गई। इस संबंध में मणिकर्ण थाने में मामला दर्ज किया गया है।

24 सितंबर: 15 मील पुल के पास गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कटराईं और रायसन निवासी दो युवकों से 3.81 ग्राम चिट्टा जब्त किया।

22 सितंबर: बंजार डिटेक्शन सेल ने धामण पुल पर एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर मंडी और सैंज निवासी दो युवकों के पास से 10.39 ग्राम चिट्टा बरामद कर सैंज थाने में मामला दर्ज किया।

19 सितंबर: मनाली पुलिस ने बाईपास रोड पर खड़ी एक गाड़ी की चेकिंग के दौरान पंजाब निवासी दो युवकों और दो ट्रांसजेंडरों के पास से 11.120 ग्राम हेरोइन बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया।

 

नशे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान, पुलिस ने की जनता से सहयोग की अपील

कुल्लू पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए तस्करों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या आधिकारिक हेल्पलाइन पर साझा करें।

खबरें और भी हैं...