Himachal News: सुंदरनगर के कोटला से 18 वर्षीय युवती लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला

4 घंटे पहले
Missing

Himachal News: सुंदरनगर उप-मंडल के तहत थाना बीएसएल कॉलोनी के अंतर्गत आने वाले कोटला गांव से एक 18 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। युवती के अचानक घर से गायब हो जाने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है। पिता द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लापता युवती की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।

पुलिस को सौंपी शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि 29 और 30 सितंबर की मध्य रात्रि उनकी बेटी घर पर ही मौजूद थी। आधी रात को वह परिजनों को बिना कुछ बताए कहीं चली गई। सुबह जब बेटी घर में नहीं मिली, तो परिजनों ने आसपास के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और संभावित स्थानों पर अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई अपता-पता नहीं चल सका।

काफी खोजबीन के बाद भी जब बेटी का सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने अंदेशा जताया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।

मामले की पुष्टि करते हुए मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर बीएसएल कॉलोनी थाना सुंदरनगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

खबरें और भी हैं...