Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल सीआईए (CIA) टीम को बड़ी सफलता मिली है। कांगड़ा पुलिस ने पालमपुर के लोहना क्षेत्र में स्थित एक होटल में छापेमारी कर महिला समेत पांच लोगों को 7.92 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ धर दबोचा।
पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे में मौजूद एक होंडा अमेज कार को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर होटल में मारा छापा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात सीआईए पुलिस टीम को लोहना स्थित पीसीसीएन चौक के समीप एक निजी होटल में नशे की गतिविधि को लेकर पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत होटल के चिन्हित कमरे में दबिश दी। छापेमारी के दौरान कमरे में चार पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में मौजूद पाए गए। जब पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, तो हरियाणा के सिरसा निवासी 32 वर्षीय दपिंदर सिंह के कब्जे से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
हरियाणा, पालमपुर और मंडी के रहने वाले हैं पांचों आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में कमरे में मौजूद सभी पांचों व्यक्तियों की संलिप्तता संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दपिंदर सिंह (सिरसा, हरियाणा), 24 वर्षीय आदित्य पठानिया, 23 वर्षीय कबीर, 24 वर्षीय प्रांशुल कपूर (तीनों निवासी पालमपुर) और 27 वर्षीय ममता (निवासी मंडी) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर खड़ी आरोपियों की होंडा अमेज कार को कब्जे में लेकर तस्करी के नेटवर्क का पता लगाना शुरू कर दिया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस: एसपी
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और पालमपुर में इसे किस-किस को बेचा जाना था। पुलिस इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालकर पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है।