रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने चमियाना में आयोजित चार दिवसीय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय तुलसी राम, स्वर्गीय धर्म सिंह एवं स्वर्गीय राजू वर्मा मेमोरियल और खेल पर्यावरण एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पंचायतों से उपलब्ध भूमि और संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल कर आय के स्थायी साधन विकसित करने का आह्वान किया।
चमियाना स्कूल में अगले सत्र से शुरू होंगी CBSE कक्षाएं
क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने घोषणा की कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमियाना को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल के रूप में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार का मुख्य ध्येय है। इसके साथ ही उन्होंने खेल मैदान के संरक्षण और इसके विकास के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए ताकि युवाओं को दीर्घकालिक सुविधाएं मिल सकें।
12 से 15 करोड़ की लागत से बनेगी बहुमंजिला पार्किंग, PWD डिवीजन भी होगा शिफ्ट
क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बारे में जानकारी देते हुए अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि लगभग 12 से 15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बहुमंजिला पार्किंग परिसर का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त, स्थानीय चौक के विस्तार के साथ 300 से 400 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग विकसित की जाएगी। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के डिवीजन को भी यहां स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कबड्डी प्रतियोगिता में ऊना बना विजेता, विशाल भारद्वाज ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट‘
चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकसी के मुकाबले आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि ने कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता ऊना टीम को 70 हजार रुपये व ट्रॉफी तथा उपविजेता सिरमौर टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशाल भारद्वाज को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजा गया। मंत्री ने युवाओं से डिजिटल युग में सोशल मीडिया से दूरी बनाकर खेल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने की अपील की।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अंकित कोटिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक ठाकुर, एसएचओ ढली विवेक गौतम, बीडीसी चेयरमैन तारा चंद ठाकुर, चमियाना के प्रधान रत्न सिंह, संस्था अध्यक्ष मदन ठाकुर सहित जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।