Himachal News: महिला ने 4 साल के मासूम संग निगला संदिग्ध पदार्थ, दोनों की हालत बेहद नाजुक

Himachal News: मंडी जिले की पंचायत जिल्हण के सिल्हासवाड़ गांव में रविवार को एक 26 वर्षीय महिला ने अपने चार वर्षीय मासूम बेटे के साथ कथित तौर पर संदिग्ध पदार्थ निगल लिया। इस घटना में मां और बेटे दोनों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर अवस्था में लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है, जहां वे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

पीड़िता की पहचान 26 वर्षीय जय ललिता पत्नी पवन कुमार और उसके 4 वर्षीय बेटे कनिष्क के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति पेशे से मिस्त्री है और घटना के समय सुबह एक मकान में स्लैब डालने के काम पर गया हुआ था। वहीं, उसके सास-ससुर भी खेतों में काम करने गए हुए थे। घर में किसी अन्य सदस्य की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर महिला ने यह जानलेवा कदम उठा लिया।

 

पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल, नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर

मां और बेटे की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों को घटना का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचित किया और बिना समय गंवाए दोनों को नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस के जरिए लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी हुई है।

 

जांच में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि महिला और उसके बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उनका सघन उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। महिला ने किन परिस्थितियों और मानसिक दबाव में आकर यह कदम उठाया, पुलिस सभी संभावित कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...