BJP Himachal: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक हमीरपुर के टिप्पर में ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास में संपन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश में “एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा” के रिवाज को बदलने और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में संगठन की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी दर्शना सिंह, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी 68 सीटों पर पूरी ताकत से लड़ेगी पार्टी: श्रीकांत शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में वर्षों पुराना सत्ता परिवर्तन का रिवाज इस बार टूटेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 8,007 बूथों पर पार्टी संगठन को बेहद मजबूत और सक्रिय किया जा रहा है, जो 2027 के चुनाव में जीत की मजबूत नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं। पार्टी कार्यकर्ता इन्हीं उपलब्धियों और विकास नीतियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

कांग्रेस के नैरेटिव का देंगे जवाब: दर्शना सिंह
प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह ने हिमाचल प्रदेश को अपनी कर्मभूमि और दूसरा घर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को नई ताकत मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वामपंथी दल युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों जैसे ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर विरोधियों के नैरेटिव का करारा जवाब देंगे। उन्होंने दोहराया कि कार्यकर्ता-आधारित संगठन के बल पर हिमाचल में सत्ता परिवर्तन की परंपरा को बदला जाएगा।
पंचायत और नगर निगम चुनाव के परिणाम दे रहे रिवाज बदलने के संकेत: जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जल्द ही चुनावी वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है और पार्टी जमीनी स्तर पर पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्थानीय निकाय परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि 11 में से 10 जिला परिषदों और चार में से तीन नगर निगमों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत यह दर्शाती है कि जनता का रुझान भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि “व्यक्ति से बड़ा संगठन” के सिद्धांत पर चलते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी एकजुटता से काम करेगा।
7 अक्तूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा‘: बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि 7 अक्तूबर को प्रदेश भर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बाइक रैली और पदयात्राओं के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो जिला मुख्यालयों की ओर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और सभी जिला केंद्रों पर भव्य रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही, एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव सुना जाएगा।
