Shimla News: शिमला पुलिस ने जिले में फैल रहे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में अप्पर शिमला के जुब्बल और कोटखाई क्षेत्रों में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से करीब 32 ग्राम अफीम और 6 ग्राम चिट्टा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
जुब्बल में कार के डैशबोर्ड से बरामद हुई 32 ग्राम अफीम
पहली कार्रवाई जुब्बल थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई। जानकारी के अनुसार 5 अक्तूबर को पुलिस थाना जुब्बल की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जुब्बल निवासी सुशील कुमार उर्फ टीटू के वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन के डैशबोर्ड से तीन प्लास्टिक पाऊच में भरी 32 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
कोटखाई नाला के पास 6 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए दो युवक
नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई ठियोग उपमंडल के डिटैक्शन सैल की टीम ने अंजाम दी। टीम ने कोटखाई नाला के समीप गश्त के दौरान संदेह के आधार पर दो युवकों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों के कब्जे से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान आशीष उर्फ गांधी और राहुल के रूप में हुई है, जो दोनों जुब्बल क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों मामलों में प्रयुक्त पदार्थों और वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी सुशील कुमार के खिलाफ धारा 18 तथा अन्य दो आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस इस पूरे ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि नशे की मुख्य सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके।