Baddi News: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ट्रक से 300 किलोग्राम भुक्की (चूरा-पोस्त) बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल एक्स टीम द्वारा यह कार्रवाई मंगलवार देर रात अंजाम दी गई। पुलिस ने गुप्त सूचना मिलते ही बद्दी पुल के समीप मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो उसमें प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में भुक्की बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ की बड़ी खेप जब्त करने के साथ ही ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में ट्रक चालक धर्मिंद्र सिंह, निवासी वार्ड नंबर-3, नालागढ़ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ बद्दी थाना में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है कि भुक्की की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और बद्दी-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। जांच एजेंसियां नशे की इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों की पहचान करने के लिए आरोपी के मोबाइल संपर्कों और रूट की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस जिला बद्दी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद धीमान ने इस सफल कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।