Kullu News: कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने सोलंग नाला में फर्स्ट एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप 2026 का किया शुभारंभ

रमेश कंवर: मनाली

Kullu News: नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज कुल्लू जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंग नाला (मनाली) में ‘फर्स्ट एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप 2026’ का बतौर मुख्य अतिथि विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय सोलंगी नाक मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि की कामना की।

 

सस्टेनेबल टूरिज्म और उत्कृष्ट आतिथ्य सत्कार के लिए जानी जाती है सोलंग घाटी

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि सोलंग घाटी प्रदेश की सबसे सुंदर घाटियों में से एक है। यहाँ के स्थानीय निवासी पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा दे रहे हैं और अपनी उत्कृष्ट अतिथि सत्कार परंपरा के लिए पूरे विश्व में पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को विश्व स्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा देना बेहद आवश्यक है।

 

कुल्लू के 450 युवाओं को विभिन्न साहसिक और पर्यटन क्षेत्रों में मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण

युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार पर जोर देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा कुल्लू जिले में युवाओं को रोजगारोन्मुख निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत 210 युवाओं को असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, 90 को होमस्टे संचालन, 60 को स्ट्रीट फूड वेंडर, 60 को नेचर गाइड तथा 30 युवाओं को साहसिक पर्यटन गाइड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से सरकार की स्वावलंबन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

पॉलिटेक्निक कॉलेज कुल्लू के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत

तकनीकी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण की जानकारी देते हुए राजेश धर्माणी ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज कुल्लू के इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और बेहतर प्रयोगात्मक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनके लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

 

विधायक भुवनेश्वर गौड़ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़, पलचान ग्राम पंचायत की प्रधान शिवानी ठाकुर, बुरूवा पंचायत की प्रधान रीना देवी, बीडीसी सदस्य विमला देवी व सीता देवी, उप प्रधान दीपक, मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य रोशन ठाकुर सहित प्रतियोगिता में भाग ले रहे देशी-विदेशी पायलट और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...