Kangra News: कांगड़ा जिला में पुलिस ने 3 अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से कुल 116 ग्राम चरस और 16.71 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों और एक स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस सभी मामलों में गहनता से तफ्तीश कर रही है।
एनएच-154 पर जौंटा के पास स्टीयरिंग कवर से मिली 116 ग्राम चरस
पहले मामले में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-154 पर पलीण, जौंटा के समीप एक वाहन को रोककर तलाशी ली। गवाहों की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान स्टीयरिंग के नीचे बने प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखी 116 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी काकू, निवासी गांव रिखवानी, डाकघर सिंघा, तहसील सलूणी, जिला चंबा को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कंडवाल नाके पर टाटा अल्ट्रोज कार से 10.47 ग्राम चिट्टा बरामद, 2 तस्कर पकड़े
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि पठानकोट से जसूर की ओर आ रही एक टाटा अल्ट्रोज कार में नशे की खेप लाई जा रही है। कंडवाल पुलिस चौकी के बाहर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर चालक सीट के फुटमैट के नीचे छिपाया गया 10.47 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार निवासी जौंटा और गौरव कुमार निवासी खज्जियां (नूरपुर) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत केस दर्ज किया है।
वीरता में सीआईए टीम की नाकाबंदी, स्कूटी सवारों से पकड़ा 6.24 ग्राम चिट्टा
तीसरे मामले में कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने भट्टा रोड स्थित गर्ग कॉलोनी में विशेष नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को 6.24 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 48 वर्षीय रमन सहगल निवासी रिहालपुरा (कांगड़ा) और 43 वर्षीय विकास धीमान निवासी राझूं (धीरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने यामाहा स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि नशे की इस सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से खरीद कर लाए थे और इसकी आपूर्ति क्षेत्र में किसे की जानी थी।