मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग: 12 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस का महाप्रदर्शन, हिमाचल से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल

Vinay Kumar

रमेश कंवर: शिमला

Himachal Politics: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर 12 अक्टूबर (सोमवार) को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर कांग्रेस विशाल प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश के पार्टी नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अब इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी और लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा व जनादेश की रक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

 

‘तानाशाही से नहीं दबेगी जनता की आवाज‘

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नई दिल्ली में विपक्षी दलों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों को बलपूर्वक दबाने, जंतर-मंतर जाने से रोकने और राजधानी को पुलिस छावनी में तब्दील करने के केंद्र सरकार के रवैये की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर भाजपा देश की आवाज को दबा नहीं सकती। राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए यह संघर्ष तेज होगा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली के सम्मान के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से हटना ही पड़ेगा।

 

12 अक्टूबर सुबह 8 बजे हिमाचल भवन पहुंचने के निर्देश

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने बताया कि 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक आंदोलन के सफल संचालन के लिए प्रदेश भर के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश से जाने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को 12 अक्टूबर की सुबह 8 बजे नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, जहां से वे एकजुट होकर जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह महज एक राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र की नींव बचाने के लिए जनता की ताकत का ऐतिहासिक प्रदर्शन होगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराएगा।

खबरें और भी हैं...