ऐतिहासिक जगतीपट्ट नग्गर में ‘जमलूपंथ: कैलास से कुलांत तक’ पुस्तक का देव रीति से विमोचन, लोक देवताओं के मूल दर्शन को सहेजने की अनूठी पहल

1 महीना पहले

रमेश कंवर: नग्गर (कुल्लू)

Kullu News: हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव परंपराओं, लोक मान्यताओं और प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के मूल स्वरूप को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है। देव संस्कृति शोध संस्थान के अध्यक्ष एवं लेखक जय ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक ‘जमलूपंथ: कैलास से कुलांत तक’ का विमोचन नग्गर स्थित ऐतिहासिक एवं पवित्र जगतीपट्ट में पारंपरिक देव रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। यह आयोजन कुल्लू घाटी की प्राचीन देव संस्कृति, लोक आस्था और पीढ़ियों से चली आ रही मान्यताओं के संरक्षण के संकल्प को समर्पित रहा।

पुस्तक का विमोचन जमलू महाराज, अठारह करडू तथा समस्त देवी-देवताओं के सानिध्य में देव परंपरा के अनुरूप किया गया। इस पावन अवसर पर देवता जीम जमलू जीम नारायण जाणा के गुर प्यारे राम, जमलू-पराशर कुलंग के गुर इंद्र चंद तथा माता काली ओड़ी अरछंडी के गुर जय चंद ने अपने कर-कमलों से पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया। पारंपरिक देव विधि से संपन्न हुआ यह विमोचन समारोह आधुनिक चकाचौंध से दूर अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोक मान्यताओं और देव व्यवस्था के मूल स्वरूप को समझने तथा उसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त संदेश लेकर सामने आया है।

 

देव संस्कृति के मूल स्वरूप को सामने लाना ही संस्थान का ध्येय

देव संस्कृति शोध संस्थान के अध्यक्ष एवं पुस्तक के लेखक जय ठाकुर ने कहा कि समय के साथ देव संस्कृति की मूल अवधारणाओं और मान्यताओं को विभिन्न दृष्टिकोणों से परिभाषित किया जाता रहा है। कई बार लोक परंपराओं की व्याख्या करते समय उनके मूल अर्थ से भटकाव भी देखा गया है। ऐसे में यह अत्यंत आवश्यक हो जाता है कि हिमाचल की प्राचीन देव संस्कृति का अध्ययन उसकी अपनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोक मान्यताओं, परंपरागत व्यवस्था और मूल दर्शन के आधार पर किया जाए।

 

देव संस्कृति केवल धार्मिक आस्था तक सीमित विषय नहीं: जय ठाकुर

जय ठाकुर ने रेखांकित किया कि देव संस्कृति केवल धार्मिक आस्था तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हिमालयी समाज की ऐतिहासिक स्मृतियों, सामाजिक संरचना, सामुदायिक जीवन और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक देवता स्वतंत्र पहचान रखते हैं, उन्हें शास्त्रोक्त संदर्भों या रामायण-महाभारत से जबरन जोड़ने के बजाय उनके मूल स्वरूप, शक्ति और परंपरा के आधार पर ही समझा जाना चाहिए। यदि बिना शोध और साक्ष्य के मनगढ़ंत व्याख्या की गई, तो आने वाली पीढ़ियों के समक्ष अपनी सांस्कृतिक पहचान को लेकर असमंजस पैदा हो सकता है।

 

तीन भागों में सामने आएगा जमलूपंथ का संपूर्ण दर्शन

लेखक ने बताया कि ‘जमलूपंथ: कैलास से कुलांत तक’ इस पुस्तक श्रृंखला का प्रथम भाग है, जबकि इसके दो अन्य भाग भी शीघ्र प्रकाशित किए जाएंगे। इस श्रृंखला के जरिए जमलूपंथ की अवधारणा, देव परंपरा के मूल घटकों तथा उससे जुड़े सांस्कृतिक व दार्शनिक पक्षों को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। पुस्तक का प्रकाशन ‘पाखी प्रकाशन’ साहिबाबाद द्वारा किया गया है।

 

ये भी रहे मौजूद

जय ठाकुर ने कहा कि अमूमन पुस्तकों के विमोचन के लिए बड़े मंचों और विशिष्ट व्यक्तियों का सहारा लिया जाता है, लेकिन इस कार्य के लिए देव नीति और देव रीति को प्राथमिकता दी गई। इस अवसर पर पुस्तक निर्माण में मार्गदर्शक रहे रमेश पठानिया, यतिन पंडित, चरणजीत शर्मा, शालीन शर्मा और लाला ठाकुर उपस्थित रहे। यह पुस्तक पाठकों और शोधार्थियों के लिए जल्द ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध करवाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...