Himachal News: पंजाब के दो तस्करों से चिट्टा बरामद, कार भी जब्त

Himachal News

Himachal News: जिला सिरमौर पुलिस ने थाना माजरा के अंतर्गत मिश्रवाला क्षेत्र में गश्त के दौरान पंजाब के दो युवकों को 18.94 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई आई-20 कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

यह कार्रवाई बुधवार को नेशनल हाईवे-07 पर स्थित हिमाचल होम स्टे के समीप गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई गई। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

एसआईयू नाहन की टीम जब मिश्रवाला क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब नंबर की हुंडई आई-20 कार को तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके भीतर से 18.94 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।

 

मोहाली के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय अमरजीत सिंह, निवासी खिजराबाद, जिला मोहाली (पंजाब) और 30 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, निवासी गांव भंजौली, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस थाना माजरा में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

 

मादक पदार्थों के मुख्य सप्लायर और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रही है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह खेप पंजाब से कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन से स्थानीय संपर्क जुड़े हुए हैं।

 

खबरें और भी हैं...