Lahaul Spiti News: केलांग में जिला परिषद बैठक आयोजित, विकास कार्यों और पर्यटन सुविधाओं पर दिया जोर

2 घंटे पहले

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग स्थित जिला परिषद सम्मेलन कक्ष में गुरुवार को परिषद की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला परिषद अध्यक्ष ठिनले दिचेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जिले के विकास कार्यों को गति देने, पर्यटन ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में आईटीडीपी के परियोजना अधिकारी अश्वनी कुमार तथा जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद सचिव संजय कुमार सहित सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सभी विभागों और परिषद के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का संकल्प लिया गया।

 

Lahaul Spiti News: पर्यटन स्थलों पर पार्किंग और शौचालय व्यवस्था होगी सुदृढ़

बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के सहयोग से उपयुक्त वाहन पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक शौचालय, सूचना एवं दिशा-निर्देश बोर्ड, सुरक्षा रेलिंग लगाने तथा त्रिलोकीनाथ बस स्टैंड के समीप नए शौचालय निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

 

सिस्सू और शाशिन नाला में ट्रांसफॉर्मर क्षमता बढ़ाने पर मंथन

विद्युत विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत सिस्सू और शाशिन नाला क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने व स्थापना की प्रगति का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त घाटी में विद्युत आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए तारों को भूमिगत करने की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के चालू प्रोजेक्ट्स की भी समीक्षा की गई।

 

गौशाल में पंचायत घर और कोलोंग में प्राथमिक स्कूल खोलने की मांग

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से जुड़े विषयों पर चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत गौशाल में नए पंचायत घर के निर्माण और आंगनवाड़ी भवन की उपलब्धता का मुद्दा उठा। विभाग ने बताया कि वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आंगनवाड़ी केंद्र शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत कोलोंग में बंद पड़े राजकीय प्राथमिक पाठशाला को पुनः खोलने की मांग रखी गई।

 

एचआरटीसी बस रूटों के सुधार और वंचित क्षेत्रों को जोड़ने पर जोर

परिवहन सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिला परिषद सदस्यों ने एचआरटीसी की बस समय-सारणी में सुधार करने की मांग की। सदस्यों ने आग्रह किया कि घाटी के जिन दूरदराज क्षेत्रों में वर्तमान में बस सेवा उपलब्ध नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर परिवहन सुविधा मुहैया करवाई जाए ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी न हो।

 

फसलों की सुरक्षा और अवैध पौधों की बिक्री पर रोक के निर्देश

कृषि एवं बागवानी विभाग की समीक्षा में किसानों और बागवानों को फसलों व सब्जियों में लगने वाली बीमारियों से बचाने के लिए गांव-गांव में जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बिना अनुमति बाहरी क्षेत्रों से लाकर बेचे जा रहे अवैध पौधों की बिक्री पर पुलिस के सहयोग से रोक लगाने और विभागों में स्वीकृत खाली पदों का ब्योरा जल्द सौंपने को कहा गया।

 

काजा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की उठी मांग

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान स्पीति घाटी के काजा क्षेत्र में चिकित्सकों की तैनाती, जरूरी दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। सदस्यों ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

 

बैठक में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, सदस्य राम सिंह (कोलोंग), पूनम देवी (जाहलमा), रूब देई (उदयपुर), शशि किरण (केलांग), सोनम बोध (सिस्सू), रणजीत (त्रिलोकीनाथ), जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अश्वनी कुमार गुलेरिया, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सूर्या शर्मा, नायब तहसीलदार शेर सिंह, कृषि उपनिदेशक चौधरी राम तथा एचआरटीसी आरएम अंचित शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...