Himachal News: हैलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी, चम्बा नहीं जा सके सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू

Himachal News: CM in Hamirpur

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का चम्बा दौरा हैलीकॉप्टर में आई अचानक तकनीकी खराबी के कारण रद्द हो गया। मुख्यमंत्री को शिमला के अन्नाडेल मैदान से उड़ान भरनी थी, लेकिन उड़ान से ठीक पहले तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा।

पहले मुख्यमंत्री का चम्बा जिले का दो दिवसीय नियमित दौरा प्रस्तावित था। हालांकि, चम्बा के होली क्षेत्र में हुई दुखद घटना में राज्य युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी के आकस्मिक निधन के बाद कार्यक्रम में संशोधन किया गया था। नए कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को सीधे होली पहुंचकर कुलेठी के अंतिम संस्कार में शामिल होना था।

 

Himachal News: अन्नाडेल से वापस लौटे सीएम

शिमला के अन्नाडेल हेलीपैड पर जब मुख्यमंत्री चम्बा जाने के लिए पहुंचे, तो तकनीकी जांच के दौरान हैलीकॉप्टर में खराबी पाई गई। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उड़ान को तुरंत रद्द कर दिया गया, जिसके चलते मुख्यमंत्री अंतिम संस्कार में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके।

 

चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर जताया शोक

दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

 

संगठन में योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी और युवा कांग्रेस संगठन को धरातल पर मजबूत करने में चंद्रमणि कुलेठी के समर्पण और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय व अपूरणीय क्षति को सहन करने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

खबरें और भी हैं...