Bilaspur News: जिला बिलासपुर के तहत पुलिस थाना भराड़ी के अंतर्गत बरोटा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घर में अचानक गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने उपचार के दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) बिलासपुर में दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुखा देवी (82) पत्नी तुलसी राम, निवासी गांव बरोटा, डाकघर व तहसील भराड़ी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गत वीरवार को सुखा देवी घर के भीतर अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ी थीं। इस हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले गए, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका गहन उपचार चल रहा था।
उपचार के दौरान हुआ निधन
गंभीर स्थिति के चलते शनिवार को उपचार के दौरान सुखा देवी की सांसें थम गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना भराड़ी की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने एम्स बिलासपुर में ही शव का पोस्टमार्टम करवाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।