Kullu News: कुल्लू में 9 माह में 125 सड़क हादसे, डीसी ने दिए राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने व ब्लैक स्पॉट सुधारने के आदेश

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: जिला कुल्लू में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) आकांक्षा शर्मा ने किया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी, डॉ. सुरेश सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर इनका विवरण सभी एसडीएम को भेज दिया गया है।

 

42 फीसदी मामलों में ध्यान भटकना बना प्रमुख कारण

बैठक में जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक की दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। आंकड़ों के अनुसार जिले में दर्ज कुल 125 सड़क दुर्घटनाओं में सबसे प्रमुख कारण चालक का ध्यान भटकना रहा है, जिसके अंतर्गत सर्वाधिक 53 मामले (42.4%) दर्ज किए गए हैं। इसके पश्चात 29 मामले (23.2%) अभी जांच या अवलोकन के अधीन हैं, जबकि तीसरे स्थान पर लंबी दूरी तय करने या चालक की थकान व बेचैनी से जुड़े 12 मामले (9.6%) सामने आए हैं। इसके अतिरिक्त वाहन से गिरने के 10 (8.0%), स्थिर वस्तु या सड़क किनारे संपत्ति से टकराने के 8 (6.4%), मौसम की स्थिति के कारण 7 (5.6%) तथा जानवरों की समस्या से संबंधित 6 मामले (4.8%) दर्ज हुए हैं। विश्लेषण में यह भी सामने आया कि दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों में सर्वाधिक संख्या 26 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की है।

 

स्कूल बसों के निरीक्षण व पीएम राहत योजना की समीक्षा

उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा ने ई-डार (e-DAR) पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों की समीक्षा के साथ पीएम राहत योजना की प्रगति का जायजा लिया और बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता देने के लिए कैशलेस उपचार का प्रावधान है। उन्होंने सभी एसडीएम को समय-समय पर स्कूल बसों का निरीक्षण करने व निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।

 

बंजार उपमंडल में कार्य पूर्ण

बैठक में बताया गया कि बंजार उपमंडल में स्कूल बसों के निरीक्षण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष सभी उपमंडलों में भी यह अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

 

राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने व ब्लैक स्पॉट सुधारने के आदेश

उपायुक्त ने पुलिस विभाग और आरटीओ को ओवरलोडिंग, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, तेज गति, बिना हेलमेट व नशे में वाहन चलाने तथा सरिया आदि सामग्री का असुरक्षित परिवहन करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनमें सुधार करने को कहा। साथ ही एनएचएआई को राजमार्ग पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने और बीआरओ को अपने अधिकार क्षेत्र में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला स्तरीय उच्च मार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स के शीघ्र गठन के भी निर्देश जारी किए गए।

खबरें और भी हैं...