नशा तस्करों पर STF और पुलिस का डबल स्ट्राइक: गरामोड़ा और घुमारवीं से चिट्टे सहित मंडी और हमीरपुर के 3 युवक गिरफ्तार

Himachal News

Bilaspur Crime News: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (नारकोटिक्स) और जिला पुलिस को दोहरी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में मंडी और हमीरपुर जिले के तीन युवकों को कुल 19.7 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पहले मामले में एसटीएफ ने गरामोड़ा में नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों से 12.6 ग्राम चिट्टा पकड़ा, जबकि दूसरे मामले में घुमारवीं पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक से 7.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

 

गरामोड़ा बैरियर पर नाकाबंदी में फंसे सुंदरनगर के दो बाइक सवार युवक

जानकारी के अनुसार एसटीएफ (नारकोटिक्स) की टीम ने एएसआई आशु वर्मा के नेतृत्व में गत रात गरामोड़ा स्थित आरटीओ बैरियर के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से आ रही एक बाइक (HP-32B-2122) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक सवार दो युवकों के कब्जे से 12.6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान भाग सिंह (25) और हंस राज (25) निवासी गांव बोबर, डाकघर जड़ोल, तहसील सुंदरनगर व जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस थाना स्वारघाट में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और एएसपी एसटीएफ (नारकोटिक्स) सेंट्रल रेंज मंडी शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।

 

चिट्टे के साथ बड़सर का युवक गिरफ्तार, पहले भी दर्ज हैं दो केस

दूसरे मामले में पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने अमरसिंहपुरा में गश्त के दौरान शक के आधार पर एक युवक को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 7.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सन्नी कुमार (31) निवासी गांव गरियाणी, डाकघर लफराण, तहसील बड़सर व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सन्नी कुमार आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं, जिनमें पहला केस वर्ष 2022 में थाना भराड़ी और दूसरा केस वर्ष 2026 में थाना घुमारवीं में दर्ज हुआ था।

 

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना घुमारवीं में केस दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि चिट्टे के मुख्य स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

खबरें और भी हैं...