रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू में नशे के काले कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने और अवैध भांग व अफीम की खेती के जड़ से उन्मूलन के लिए जिला स्तरीय नार्को को-ऑर्डिनेशन (NCORD) समिति तथा नशा मुक्त भारत अभियान की महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में नशे की रोकथाम के लिए एक प्रभावी एवं बहु-विभागीय रणनीति के तहत कार्य करना और नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम को तेज करना रहा। बैठक में संभावना संस्था से आए पांकी सूद ने भी युवाओं को नशे के दुष्चक्र से बचाने के लिए अपनी प्रस्तुति और सुझाव रखे, जबकि जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
तस्करों की संपत्ति फ्रीज, 320 जागरूकता शिविर आयोजित
बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने जानकारी दी कि गत बैठक के निर्णयों को अमलीजामा पहनाते हुए पुलिस, वन विभाग और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीमों द्वारा जिले में नशे की अवैध खेती के उन्मूलन का कार्य युद्धस्तर पर किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की 19 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है और जनजागरूकता अभियान के तहत जिले में 320 जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया है।
भांग-अफीम नष्ट करने को वीडिसाइड के पायलट उपयोग व वैकल्पिक फसलों पर जोर
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि जिले में भांग व अफीम के पौधों को नष्ट करने के लिए रासायनिक ‘वीडिसाइड’ के पायलट स्तर पर इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने के उद्देश्य से वन विभाग के उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा, ताकि वन क्षेत्र में अवैध खेती को रोका जा सके। उन्होंने वन विभाग को भूमि के उपयोग पर निगरानी रखकर नियमित रिपोर्ट देने तथा कृषि एवं बागवानी विभाग को अवैध खेती वाले क्षेत्रों में लाभकारी वैकल्पिक नकदी फसलों एवं पौधों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि इस कार्य में लिप्त लोगों को बेहतर आर्थिक विकल्प मिल सके। इसके साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में राजस्व विभाग के पास लंबित भूमि सीमांकन के 41 आवेदनों को शीघ्र निपटाने के आदेश भी दिए गए।
कोटपा एक्ट के तहत सख्ती के आदेश
नशे के प्रसार को रोकने के लिए जिले की 28 चिन्हित अतिसंवेदनशील पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठक अनिवार्य रूप से पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों में अल्कोहल, सिगरेट और तंबाकू के बढ़ते चलन पर गंभीर चिंता जताते हुए आबकारी व पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि वे शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू, सिगरेट, फ्लेवर्ड टॉफी, चॉकलेट और हुक्का पार्लरों पर कड़ी नजर रखें तथा ‘कोटपा’ अधिनियम के तहत सख्त चालान करें। उपायुक्त ने सभी विभागों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के साथ कार्य करने और युवाओं को खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।