न्यूजीलैंड की विश्वस्तरीय तकनीक से बदलेगी हिमाचल की सेब आर्थिकी: 15 करोड़ से बनेगा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’, बागवानों को मिलेगी रोग-मुक्त पौध

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की बागवानी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के उच्च स्तरीय तकनीकी प्रतिनिधिमंडल के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवगत करवाया गया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बागवानों के हित में सेब की फसल के लिए हिमाचल प्रदेश में एक आधुनिक उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की स्थापना करना है, जिससे राज्य की बागवानी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

 

रूटस्टॉक्स पर तैयार होगी रोग-मुक्त सेब की पौध

बैठक में जानकारी दी गई कि इस उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से बागवानों को रूटस्टॉक्स पर तैयार उच्च गुणवत्ता वाली और रोग-मुक्त सेब की पौध उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त सेब की नई व उन्नत किस्मों तथा विश्वस्तरीय बागवानी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा और बदलते जलवायु परिवेश के अनुरूप उच्च-घनत्व (हाई डेंसिटी) वाले बगीचों की स्थापना को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही हिमाचल और देश के अन्य राज्यों के इच्छुक बागवानों तक इन आधुनिक तकनीकों को पहुंचाने के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना करने का भी लक्ष्य रखा गया है।

 

केंद्र देगा 15 करोड़ की सहायता, न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ करेंगे तकनीकी मार्गदर्शन

यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजना के अंतर्गत स्थापित की जा रही है, जिसमें तीन प्रमुख हितधारक अपनी भूमिका निभाएंगे। इस परियोजना के लिए भारत सरकार 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, जबकि न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ केंद्र की स्थापना, आधुनिक तकनीक हस्तांतरण और प्रबंधन के लिए संपूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश का बागवानी विभाग इस परियोजना की कार्यकारी एजेंसी के रूप में कार्य करते हुए उत्कृष्टता केंद्र के सफल संचालन के लिए भूमि, आवश्यक संसाधन और स्टाफ उपलब्ध करवाएगा।

 

आगामी वर्ष से ही शुरू हो पौध वितरण

बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने निर्देश दिए कि प्रदेश के बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाली और रोग-मुक्त सेब की पौध उचित दामों पर उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने इस उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए, ताकि आगामी वर्ष से ही यहां उच्च गुणवत्ता की पौध सामग्री तैयार कर बागवानों में वितरित की जा सके। बैठक में सचिव बागवानी सुदेश कुमार मोक्टा, निदेशक बागवानी डॉ. सतीश शर्मा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि न्यूजीलैंड के तकनीकी दल का नेतृत्व प्राथमिक उद्योग मंत्रालय, न्यूजीलैंड उच्चायोग के लीड एडवाइजर ईशान जयवर्धना ने किया; उनके साथ कृषि साझेदारी प्रबंधक प्रियम अरोड़ा, तकनीकी विशेषज्ञ जैक ह्यूजेस, डेविड मैनकेटलो, माइक नेल्सन और लाचलान मैके भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...