Bilaspur News: किसान भवन के पास मिला व्यक्ति का शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Himachal News

Bilaspur News: बिलासपुर शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शुमार किसान भवन के समीप गुरुवार शाम सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना सदर बिलासपुर के अंतर्गत चौकी शहर की पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की गहनता से जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही पुलिस टीम ने आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया।

मृतक की पहचान संजय कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी मेन मार्केट बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रथम दृष्टया मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...