Chamba News: डल्हौजी में निर्माणाधीन इमारत की 5वीं मंजिल से गिरने से पंजाब के युवक की दर्दनाक मौत

Himachal News

Chamba News: चंबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल डल्हौजी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गुरुवार को चर्च बैलून मार्ग पर स्थित एक निजी होटल की निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से अचानक नीचे गिरने के कारण 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डल्हौजी भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक युवक की पहचान मनप्रीत सिंह (20) पुत्र रुल्दू सिंह निवासी गांव व डाकघर तियोना, थाना सदर, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। वह डल्हौजी में एक निजी होटल के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।

 

होटल में एसीपी शीट लगाने का काम कर रहा था युवक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनप्रीत सिंह अपने चचेरे भाई रुपेंद्र सिंह के साथ मिलकर निजी होटल की इमारत में एसीपी शीट लगाने का काम कर रहा था। काम करने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह इमारत की पांचवीं मंजिल से सीधे नीचे जा गिरा। होटल की निचली तरफ युवक मुंह के बल मृत अवस्था में पाया गया, जिसके सिर पर गहरी चोट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर घाव के निशान मिले।

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटनास्थल के निरीक्षण और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे ऊंचाई से गिरने के कारण हुई दुर्घटना माना है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...